AMIT LEKH

Post: विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन

विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :

पाँच युवा राज्य स्तर पर करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

इस सत्र के माध्यम से युवाओं को MY Bharat पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध अवसरों और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), पश्चिम चंपारण द्वारा एम.जे.के. कॉलेज, बेतिया में “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर, नगर निगम बेतिया श्रीमती गरिमा देवी सिकारिया रहीं। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्रीमती गरिमा देवी सिकारिया ने अपने संबोधन में कहा कि देश के युवा ही भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं का ज्ञान बढ़ता है तो उनकी सोच भी व्यापक होती है और वे समाज एवं देश के विकास में बेहतर योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ संवाद को आगे बढ़ाने और समाज में विकास की भाषा को फैलाने का आह्वान किया। भारत की लोकतांत्रिक परंपरा विविधताओं के बावजूद एकता, संवाद और सहमति की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक दृष्टिकोण से “एक भारत श्रेष्ठ भारत” तथा समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार होगा। कार्यक्रम का संचालन एवं कार्यक्रम का विस्तृत विवरण उप निदेशक, मेरा युवा भारत पश्चिम चंपारण सुश्री रश्मि सिंह द्वारा दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यूथ कनेक्ट सत्र से हुई, जिसमें युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के यूथ आइकॉन बिहार एवं पश्चिम चंपारण के युवा आइकॉन आदित्य मधुकर ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा “वंदे मातरम्” पर प्रस्तुति भी दी। इस सत्र के माध्यम से युवाओं को MY Bharat पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध अवसरों और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। इसके पश्चात विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य विषय था “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख।” प्रतिभागियों ने सदन की शैली में इस विषय पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए और लोकतंत्र, संविधान तथा नागरिक जिम्मेदारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने दृष्टिकोण साझा किए। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में डॉ. प्रदीप कुमार, विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान, एम.जे.के. कॉलेज बेतिया, कुमार रवि रंक, सामाजिक उद्यमी एवं पूर्व प्रधान सचिव, आदर्श नाट्य एवं ग्राम्य विकास परिषद, मच्छरगांवा, डॉ. कृष्ण कुमार कृष्ण, सहायक प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान विभाग, एल.एन.डी. कॉलेज मोतिहारी, तथा डॉ. दिवाकर राय, प्रधानाध्यापक, उ.म.वि. मल्कौली पटखौली, बैरिया शामिल रहे। प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पाँच प्रतिभागियों का चयन जिला स्तर पर विजेता के रूप में किया गया, जो आगामी राज्य स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में पश्चिम चंपारण जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित प्रतिभागियों में प्रिंस कुमार, प्रथम ,मोहम्मद जकारिया – द्वितीय, अभिषेक कुमार – तृतीय ,रोहित राज – चतुर्थ, प्रकाश कुमार – पंचम। इस अवसर पर देवराजी शाह, एपीए बेतिया, अमित कुमार, मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, संवाद और विचार-विमर्श की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को सशक्त बनाना रहा।

Leave a Reply

Recent Post