AMIT LEKH

Post: पटना में सुबह-सुबह पड़ा छापा, बरामद किया भारी मात्रा में गांजा और अंग्रेजी शराब

पटना में सुबह-सुबह पड़ा छापा, बरामद किया भारी मात्रा में गांजा और अंग्रेजी शराब

पटना से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट : 

पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सिक्स लेन पुल के नीचे कुछ संदिग्ध लोग ट्रक से सामान उतारकर ट्रैक्टर पर लोड कर रहे हैं

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क को करारा झटका दिया है। सुबह-सुबह की गई इस छापेमारी में भारी मात्रा में गांजा और अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सिक्स लेन पुल के नीचे कुछ संदिग्ध लोग ट्रक से सामान उतारकर ट्रैक्टर पर लोड कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम सुबह करीब 6 बजे मौके के लिए रवाना हुई। छापेमारी के दौरान पुलिस जब सिक्स लेन पुल के नीचे पहुंची, तो वहां एक ट्रक खड़ा मिला। ट्रक के ड्राइवर सीट पर एक व्यक्ति बैठा था, जबकि दो अन्य युवक मोटरसाइकिल पर मौजूद थे। पुलिस को देखते ही तीनों भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ट्रक चालक राजू कुमार (28 वर्ष), कृष्णा राय (54 वर्ष) और सुमित कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें से 10.250 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ और 508.320 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
इसके अलावा पुलिस ने ट्रक, एक मोटरसाइकिल, सात एंड्रॉयड मोबाइल और तीन वॉकी-टॉकी भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य लोगों—आकाश कुमार और विकास कुमार—को भी पकड़ा गया, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Recent Post