बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ अभियान के तहत कई मामलों का मौके पर किया निपटारा
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जनता के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं। सात निश्चय–3 के तहत चलाए जा रहे “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने सुनवाई के दौरान कुल 30 मामलों पर गंभीरता से विचार किया, जिनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मुद्दे, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण व मरम्मत तथा राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने न केवल समस्याओं को दर्ज किया, बल्कि कई जटिल मामलों में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए मौके पर ही उनका समाधान सुनिश्चित कराया, जिससे आवेदकों को तत्काल राहत मिली। जनसुनवाई में अपनी समस्याएं रखने वालों में निरंजन साहा, ललिता देवी, प्रेम कुमार दास, पूनम देवी, रामबालक साह, संगीता देवी, मंजू देवी, नंदलाल प्रसाद, कमलेश्वर प्रसाद, राधा यादव और असगरी बेगम सहित कई अन्य नागरिक शामिल थे। जिलाधिकारी ने उपस्थित संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शेष बचे हुए आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए ताकि आमजन को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








