पटना से हमारे विशेष संवाददाता की रिपोर्ट :
घायल हालत में युवक भागा, अस्पताल में चल रहा इलाज
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना/कटिहार, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार में इन दिनों पुलिस की कोशिश और कार्रवाई के बावजूद अपराधिक घटनाओं में कमी नहीं हो रही। अपराधियों लूटपाट के दौरान एक युवक को गोली मार दी। हालांकि गोली लगने के बावजूद युवक किसी तरह मौके से भाग निकला और अब उसका इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना कटिहार के रोशना थाना क्षेत्र के गौरीपुर बांध की है जबकि जख्मी युवक की पहचान अहमदाबाद थाना क्षेत्र के सूरापुर निवासी राजेश कुमार यादव के रूप में की गई। घटना के संबंध में जख्मी ने बताया कि वह अपने काम का पैसा ठेकेदार से लेकर गौरीपुर गांव स्थित अपने नानी घर जा रहा था। जख़्मी युवक ने बताया कि इस दौरान जब वह गौरीपुर बांध पहुंचा तो दो अपराधियों ने उसे हथियार के बल पर रोक लिया था रुपए और मोबाइल की मांग करने लगे। लूटपाट का विरोध करते हुए जब वह भागने की कोशिश करने लगा तो अपराधियों ने गोली चला दी जो उसके जांघ में लगी है। युवक ने बताया कि गोली लगने के बावजूद वह किसी तरह बाइक से भागने में सफल रहा और अपनी नानी के घर पहुंच कर घटना की जानकारी दी जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। युवक का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रोशना थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस युवक से घटना की जानकारी लेने के बाद अपराधियों की पहचान करने में जुट गई और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है।








