बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करना प्रशासन की है प्राथमिकता
पीएम सूर्यघर योजना में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
पदाधिकारियों, अभियंताओं, बैंकर्स एवं संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने अधिकारियों, अभियंताओं, बैंकर्स एवं संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीएम सूर्यघर योजना केंद्र सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं जनहितकारी योजना है, जिसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस योजना के माध्यम से आम लोगों को बिजली बिल में राहत मिलेगी, वहीं सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा योजना के तहत अनुदान (सब्सिडी) भी उपलब्ध कराया जा रहा है, इसलिए सभी संबंधित विभाग एवं बैंक पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने समीक्षा के दौरान कहा कि कई बैंकों द्वारा योजनाओं की स्वीकृति में बेहतर कार्य किया गया है, लेकिन कुछ बैंक अब भी लापरवाही बरत रहे हैं। बिना किसी ठोस कारण के आवेदन अस्वीकृत करना गंभीर मामला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से आवेदन रिजेक्ट करने वाले संबंधित बैंक अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिला पदाधिकारी ने दो टूक कहा कि पीएम सूर्यघर योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी बैंकर्स को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करें तथा लाभुकों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल को निर्देश दिया गया कि योजना से संबंधित सभी आवेदनों की चरणबद्ध स्थिति की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाए। प्रत्येक आवेदन की स्थिति को सूचीबद्ध कर नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा बैंकर्स को भी अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने संवेदकों को भी निर्देशित किया कि ऑटो रिजेक्ट हुए आवेदनों को पुनः आवेदन कराते हुए बैंक से समन्वय स्थापित करें और लाभुकों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजना का सफल क्रियान्वयन सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के आपसी समन्वय से ही संभव है। बैठक में उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल बेतिया एवं बगहा, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, संवेदक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








