AMIT LEKH

Post: ट्रक की टक्कर में बोलेरो चालक सहित छह घायल, बाल-बाल बची जान

ट्रक की टक्कर में बोलेरो चालक सहित छह घायल, बाल-बाल बची जान

छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन : 

बेटी के घर से कलेवा देने के बाद बक्सर लौट रहे थे सभी, बोलेरो के उड़े परखच्चे

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
एकमा/छपरा, (संवाददाता)। छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच-531 पर रसूलपुर बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप शनिवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी।

फोटो : संवाददाता

हादसे में बोलेरो चालक समेत छह लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों और सूचना पर पहुंची रसूलपुर थाना पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ इरफान अहमद के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों को हल्की चोटें आई थीं और उनकी हालत खतरे से बाहर है।

छाया : अमिट लेख

घायलों में बोलेरो चालक विजय शंकर साहनी, गाड़ी सवार संजय राम, भिरू राम, दीपक राम, हरेंद्र राम, आदर्श कुमार समेत छह लोग शामिल हैं। सभी बक्सर जिले के नैनीजोर थाना क्षेत्र के बड़की नैनी गांव के निवासी बताए जाते हैं। घायलों ने बताया कि वे अपनी पुत्री की शादी के बाद कलेवा लेकर शुक्रवार को गोपालगंज जिले के मांझा थाना क्षेत्र के सफापुर गांव गए थे।

शनिवार को बेटी के घर से वापस लौटने के दौरान रसूलपुर बाजार के पास यह हादसा हो गया। बोलेरो सवार घायल दीपक राम ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनके बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए और बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि संयोग अच्छा रहा कि कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सामान्य कराया। रसूलपुर थाना अध्यक्ष प्रिंस राज ने बताया कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त और दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक समेत दोनों वाहनों को अपने में कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Recent Post