महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के बरगदवा क्षेत्र में आज दिनांक 16 मई 2026 को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक ‘ई’ समवाय बरगदवा द्वारा पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति (पीजीएसएस) स्वयंसेवी संस्था की टीम के साथ संयुक्त रूप से बाल श्रम मुक्त अभियान चलाया गया।
अभियान में सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और ग्रामीणों को बच्चों के अधिकारों तथा शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव में बाल श्रम के प्रति जागरूकता फैलाना तथा बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।

टीम द्वारा गांव के विभिन्न स्थानों पर जाकर लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि बाल श्रम बच्चों के भविष्य को अंधकारमय बना देता है और यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है। सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों से मजदूरी कराने के बजाय उन्हें विद्यालय भेजें, ताकि वे शिक्षित होकर देश और समाज का नाम रोशन कर सकें। जवानों ने कहा कि हर बच्चे को पढ़ने और आगे बढ़ने का अधिकार है तथा समाज के सभी लोगों को मिलकर बाल श्रम के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
अभियान के दौरान अभिभावकों से सीधे संवाद कर उन्हें बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों को यह भी समझाया गया कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी कुंजी है। इस अवसर पर ई समवाय बरगदवा से निरीक्षक सामान्य विशाल कुमार, सहायक उप निरीक्षक (संचार) गौतम सिंह सहित अन्य चार कार्मिक उपस्थित रहे। वहीं पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति (पीजीएसएस) की ओर से श्रवण कुमार, सुशील कुमार एवं श्रीमती पुष्पा चौधरी अभियान में शामिल रहीं।








