बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्यादेश जारी होने के बाद संवेदकों को तीन माह में कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित
कुल 48 सार्वजनिक शौचालयों में से 38 में प्रत्येक की लागत 15.75 और 10 यूनिट की लागत 4.50-4.50 लाख निर्धारित
निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने के लिए 7 से 27 जुलाई तक की समय सीमा नगर निगम प्रशासन द्वारा की गई है निर्धारित
28 जुलाई को अपराह्न टेंडर बिड खोलने के बाद विहित प्रक्रिया के तहत संवेदकों का चयन करते हुए जारी किया जाएगा कार्यादेश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आधारभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल नगर निगम बोर्ड द्वारा की गई है। इसके तहत नगर निगम प्रशासन ने 48 सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी है।

महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम बोर्ड से प्राप्त प्रशासनिक स्वीकृति के बाद जारी निविदा के अनुसार कुल 48 शौचालयों में से 38 इकाइयों का निर्माण 15 लाख 75 हजार रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा, जबकि शेष 10 शौचालयों का निर्माण साढ़े चार लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इन शौचालयों के निर्माण पर 6 करोड़, 43 लाख 50 हजार की कुल लागत आएगी।
महापौर ने बताया कि इन सभी योजनाओं का उद्देश्य नगर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले वार्डों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ एवं सुलभ शौचालय सुविधा उपलब्ध कराना है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम प्रशासन ने इच्छुक संवेदकों के लिए निविदा प्रपत्र डाउनलोड करने की अवधि 7 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक निर्धारित की है। संवेदक इसी अवधि में ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से निविदा प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित के स्तर से जारी निविदा के अंतर्गत 28 जुलाई 2026 को टेंडर बिड खोली जाएगी तथा उसी दिन नियमानुसार कार्य आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। नगर निगम ने निर्माण एजेंसियों के लिए कार्य पूर्ण करने की समय-सीमा तीन माह तय की है। माना जा रहा है कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर में खासकर महिलाओं को स्वच्छता, जनसुविधा और शहरी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को नया आयाम मिलेगा। महापौर ने बताया कि नगर निगम बोर्ड से प्राप्त प्रशासनिक स्वीकृति के आधार पर वार्ड 02 में शान्ति माई स्थान, वार्ड – 11 में महिला थाना में शौचालय, वार्ड संख्या 18 भंगी राउत के घर के पास, वार्ड संख्या 18 डोम टोली मोहल्ला के पास, वार्ड संख्या 28 शिव मन्दिर के पास, वार्ड संख्या 28 ब्रह्म स्थान लक्ष्मी नगर, वार्ड संख्या 29 इस्लाम मियाँ के घर के पास सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इसी प्रकार वार्ड संख्या 30 गंडक कॉलोनी नंबर 01 में बंगाली कॉलोनी के पास, वार्ड संख्या 30 पुलिस लाइन के सामने सिलवट लोढा बस्ती के पास, वार्ड संख्या 31 पूर्वी करगहिया हनुमान मन्दिर के प्रांगण में, वार्ड संख्या 31 आई टी आई शिव मन्दिर के प्रांगण में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इसी प्रकार वार्ड संख्या 32 मंशा टोला फील्ड में, वार्ड संख्या 32 मंशा टोला में मदरसा के पास, वार्ड संख्या 33 सिंगाछापर स्थित पंचायत सरकार भवन के पास, वार्ड संख्या 33 सिंगाछापर स्थित ब्रहम स्थान के पास स्थित आँगनबाडी केन्द्र के बगल में तथा वार्ड संख्या 33 सिंगाछापर स्थित डोम बस्ती में वार्ड संख्या 33 पोखरभिण्डा में दलित बस्ती के पास सार्वजनिक शौचालय निर्माण स्वीकृत किया गया है। इसी प्रकार वार्ड संख्या 35 बेलदारी में मदरसा चौक पर, वार्ड संख्या 37 घरदान पोखरा स्वास्थ्य केंद्र के पास, वार्ड संख्या 37 घरदान पोखरा सामुदायिक भवन के बगल में, वार्ड संख्या 39 हरदिया विश्वकर्मा मन्दिर के पास खेसरा 420 में, वार्ड- 39 के हरदिया सेनुवरवा टोला में प्राथमिक विद्यालय सेनुवरवा टोला, वार्ड 41 छठ घाट के पास, वार्ड 41 में बड़ा नहर शिव मन्दिर परिसर में, वार्ड 41 राम जानकी धर्मशाला में, वार्ड संख्या 42 कदमवा टोला राo प्राo विद्यालय में, वार्ड संख्या 42 नवका टोला शिव मन्दिर में, वार्ड संख्या 42 कदमवा टोला मन्दिर में, वार्ड संख्या 42 राo प्राo विद्यालय उर्दू सनसरैया में, वार्ड संख्या 46 मच्छरगावां हनुमान मन्दिर के पास, वार्ड संख्या 46 बैधनाथपुर ब्रह्म स्थान के पास, वार्ड संख्या 46 कोइरी टोला बैधनाथपुर सिवान के पास, वार्ड संख्या 46 बैधनाथपुर में अहवर मझरिया पैक्स गोदाम के पास, वार्ड संख्या 46 बैधनाथपुर स्कूल कैम्पस में, छावनी से मनुआपूल जानेवाली पथ में ओवर ब्रीज के नीचे, संतघाट मुक्तिधाम गेट एवं नहान स्थान का निर्माण कार्य, चनपटिया जानेवाली पथ में ओवर ब्रीज के नीचे, वार्ड संख्या 38 के बरवत सेना के सरैया में केंद्र संख्या 57, वार्ड संख्या 38 में बाजार आंगनबाड़ी केंद्र-146, वार्ड संख्या 38 में आंगनबाड़ी केंद्र-61, वार्ड संख्या 36 के बरवत परसराइन सरैया टोला आंगनबाडी केंद्र संख्या 137, वार्ड संख्या 39 के हरदिया-1 में आंगनबाडी केंद्र संख्या 66, वार्ड संख्या 39 के बरवत सेना हरदिया-2 में आंगनबाडी केंद्र संख्या 67, वार्ड संख्या 37 के बरवत सेना गोडवा टोला में आंगनबाडी केंद्र संख्या 68, वार्ड संख्या 18 के जगजीवन नगर आंगनबाडी केंद्र संख्या 105, वार्ड संख्या 46 के बैद्यनाथपुर में आंगनबाडी केंद्र संख्या 131 और वार्ड संख्या 46 के गिधौरा पोखरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 132 में भी शौचालयों का निर्माण नगर निगम प्रशासन द्वारा कराया जाएगा, जिसकी निविदा जारी हो चुकी है।







