AMIT LEKH

Post: पटना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मरीन ड्राइव पर पिस्टल के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार

पटना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मरीन ड्राइव पर पिस्टल के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार

रिपोर्ट : पटना डेस्क, विशेष ब्यूरो

गिरफ्तार अपराधी का छिनतई और आर्म्स एक्ट का पुराना इतिहास है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)। राजधानी पटना में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान के तहत बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गंगा पथ (मरीन ड्राइव) इलाके में पुलिस की गश्ती टीम ने संदेह के आधार पर दो युवकों को खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवकों के पास से एक लोड पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान बुद्धा कॉलोनी निवासी ऋषभ और गांधी मैदान क्षेत्र के रहने वाले शिवम के रूप में की गई है। बीते शनिवार देर रात मरीन ड्राइव के पास दोनों संदिग्ध हालत में बैठे थे। पुलिस टीम को देखते ही दोनों भागने लगे, जिसके बाद जवानों ने पीछा कर दोनों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर शिवम के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपी ऋषभ का पुराना आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दो दिन पूर्व बुद्धा कॉलोनी क्षेत्र में हुई मारपीट और चेन छिनतई की वारदात में पुलिस को उसकी तलाश थी। ऋषभ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है, जबकि दूसरे आरोपी शिवम का भी आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का मिलान कर हालिया घटनाओं में इनकी संलिप्तता की पुष्टि कर रही है। दोनों से पूछताछ के जरिए पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे मरीन ड्राइव पर किस बड़ी घटना को अंजाम देने की नीयत से एकत्रित हुए थे। पुलिस गिरफ्तार दोनों अपराधियों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्होंने अवैध हथियार कहां से प्राप्त किया था और शहर में उनके अन्य कौन-कौन से साथी या आपराधिक संपर्क सक्रिय हैं।

Comments are closed.

Recent Post