रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 07 नवम्बर 2026
जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चंपारण जिले में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की ओर से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की। उत्पाद विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 6 नवंबर को लौरिया थाना क्षेत्र के नौतनिया टोली तथा रामनगर थाना क्षेत्र के धांगड़ टोली सहित अन्य हॉटस्पॉट इलाकों में ड्रोन की मदद से छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 537 किलोग्राम जावा गुड़ का घोल और लगभग 151 लीटर अवैध चुलाई शराब मौके पर ही नष्ट कर दी गई। वहीं, गुप्त सूचना के आधार पर बैरिया थाना क्षेत्र के मलाही टोला में छापेमारी कर श्रवण कुमार (25), पिता सुदर्शन चौधरी को गिरफ्तार किया गया। उसके घर की तलाशी के दौरान रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की और 8 PM ब्रांड की कुल 21.195 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में उत्पाद थाना बैरिया में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल की सूचना पर गाड़ी संख्या 55096 गोरखपुर-नरकटियागंज पैसेंजर ट्रेन के कोच संख्या NE133523 के शौचालय से एक पिट्ठू बैग बरामद किया गया। बैग की तलाशी में 8 PM ब्रांड की 8.64 लीटर विदेशी शराब मिली। शराब जब्त कर उत्पाद थाना बगहा में कांड संख्या 1663/26 दर्ज किया गया है। इसके अलावा बेतिया, नरकटियागंज और बगहा अनुमंडल के विभिन्न इलाकों में चलाए गए अभियान के दौरान मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 37 के तहत सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

