AMIT LEKH

Post: स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो ग्रामीण घायल

स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो ग्रामीण घायल

संकलन : उप-संपादक छपरा 

चालक माने गांव के समीप वाहन छोड़कर फरार

मृतक की पत्नी ने वाहन चालक के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी

रविवार की सुबह दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल किया गया रेफर

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख, संवाददाता
छपरा/एकमा (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में स्थित छपरा–सीवान मुख्य मार्ग (एनएच-531) पर नगर पंचयात एकमा बाजार स्थित अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय के समीप शनिवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई,

फोटो : संवाददाता

जबकि सड़क किनारे बैठे दो ग्रामीण स्कॉर्पियो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक माने गांव के समीप वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची एकमा थाना पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने ले आई है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सिवान जिले के दारौंदा थाना क्षेत्र के पांडेपुर गांव निवासी अमलेश प्रसाद (45) के रूप में हुई है। वह अपनी टीवीएस एक्सएल मोपेड से छपरा की ओर से अपने घर महाराजगंज लौट रहे थे। इसी दौरान सिवान की ओर से तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान सड़क किनारे बैठे हंसराजपुर गांव निवासी चाय दुकान संचालक उपेन्द्र सिंह (45) तथा मुर्गी फार्म संचालक संतोष सिंह (48) भी स्कॉर्पियो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का प्राथमिक उपचार एक निजी क्लीनिक में कराया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर रविवार को उन्हें एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. इरफान अहमद ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शनिवार रात एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। बाद में माने गांव के समीप लावारिस हालत में खड़ी स्कॉर्पियो को बरामद कर जब्त कर लिया गया। पुलिस चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। रविवार को मृतक की पत्नी सुभावती देवी ने एकमा थाना में आवेदन देकर स्कॉर्पियो के पंजीकरण संख्या के आधार पर फरार चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन के आधार पर वाहन पंजीकरण संख्या के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है तथा फरार चालक की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Recent Post