AMIT LEKH

Post: जिले के 52 शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित हुआ “विद्यार्थी सहयोग शिविर”

जिले के 52 शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित हुआ “विद्यार्थी सहयोग शिविर”

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, उप-संपादक

जिला पदाधिकारी ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय कुमारबाग में विद्यार्थी सहयोग शिविर का लिया जायजा

विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की दी जानकारी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में आज पश्चिम चम्पारण जिले के कुल-52 विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को सुनना तथा विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया को सुगम बनाना है।

फोटो : मोहन सिंह

विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन विश्वविद्यालयों, अंगीभूत महाविद्यालयों, अभियंत्रण एवं चिकित्सा महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक संस्थानों, आईटीआई, पारा मेडिकल महाविद्यालयों, नर्सिंग स्कूलों सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित छात्रावासों एवं कस्तूरबा गांधी छात्रावासों में किया गया। जिला पदाधिकारी, तरनजोत सिंह ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, कुमारबाग पहुंचकर विद्यार्थी सहयोग शिविर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर शिविर की व्यवस्था एवं विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया।

छाया : अमिट लेख

जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को पोर्टल की उपयोगिता एवं इसके माध्यम से अपनी समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यार्थी सहयोग शिविर एवं पोर्टल की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

छाया : अमिट लेख

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं सुझावों को निर्धारित माध्यम से दर्ज कराएं, ताकि संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उप विकास आयुक्त, काजले वैभव नितिन ने जीएनएम कॉलेज, बेतिया, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, पिऊनीबाग एवं राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, बेतिया में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया, विद्यार्थियों से बातचीत की तथा संबंधित पदाधिकारियों को शिविर के प्रभावी संचालन एवं विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

छाया : अमिट लेख

इसी क्रम में अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा ने एमजेके कॉलेज, बेतिया में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त जिले के अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी उन्हें आवंटित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में पहुंचकर विद्यार्थी सहयोग शिविरों का जायजा लिया गया। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित संस्थानों के प्रधानों एवं नोडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविर में आने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से दर्ज करते हुए उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थी सहयोग अभियान का वास्तविक लाभ अधिकाधिक विद्यार्थियों तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Recent Post