रिपोर्ट : न्यूज़ ब्यूरो, इंडो-नेपाल बॉर्डर
त्रिशूली नदी तंत्र में बढ़े जलप्रवाह के बीच वाल्मीकिनगर की गंडक नदी से एक ऐसी विशालकाय मछली पकड़े जाने की खबर सामने आई है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
वाल्मीकिनगर, (संतोष कुमार)। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और त्रिशूली नदी तंत्र में बढ़े जलप्रवाह के बीच वाल्मीकिनगर की गंडक नदी से एक ऐसी विशालकाय मछली पकड़े जाने की खबर सामने आई है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए।

मछली को लव-कुश घाट क्षेत्र में स्थानीय मछुआरे ने पकड़ा, जिसके वजन को 60 किलो से अधिक बताया जा रहा है। विशाल आकार की इस मछली की तस्वीर सामने आते ही क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई। मछली को देखने के लिए आसपास के लोग भी जुटने लगे। तस्वीर में मछली का आकार सामान्य रूप से पकड़ी जाने वाली मछलियों की तुलना में काफी बड़ा दिखाई दे रहा है।
त्रिशूली के बढ़े जलप्रवाह के बीच सामने आया मामला
नेपाल में हाल में हुई अचानक बाढ़ के बाद त्रिशूली नदी तंत्र और उससे जुड़े जलप्रवाह का असर गंडक नदी पर पड़ने की आशंका जताई गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इसी बीच लव-कुश घाट के पास गंडक नदी से इतनी बड़ी मछली का पकड़ा जाना लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गया है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि तेज जलप्रवाह के साथ यह मछली नदी के ऊपरी हिस्से से बहकर यहां पहुंची हो सकती है। हालांकि, मछली के वास्तव में त्रिशूली नदी क्षेत्र से आने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मछली की प्रजाति को लेकर भी उत्सुकता
मछली की विशाल कद-काठी देखकर लोग इसकी प्रजाति और वास्तविक वजन को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इसका वजन 60 किलो से अधिक हो सकता है, हालांकि सही वजन की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं हुई है।नेपाल से आए तेज जलप्रवाह के बीच गंडक नदी में मिली इस विशाल मछली ने फिलहाल लव-कुश घाट से लेकर वाल्मीकिनगर तक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।








