रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, उप-संपादक
अध्यक्ष ने लोगों से अपील किया कि वे अपने अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक रहें तथा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत की सुविधा का लाभ उठाएं
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। स्थायी लोक अदालत, पश्चिम चम्पारण, बेतिया के तत्वावधान में प्रखण्ड परिसर, बेतिया में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता स्थायी लोक अदालत, पश्चिम चम्पारण, बेतिया के अध्यक्ष सत्य प्रकाश शुक्ल ने की।

इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत के सदस्य संजय कुमार, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बेतिया तथा अंचलाधिकारी, बेतिया उपस्थित रहे। शिविर के दौरान अध्यक्ष सत्य प्रकाश शुक्ल द्वारा आमजनों को स्थायी लोक अदालत की उपयोगिता, कार्यप्रणाली एवं इसके माध्यम से विवादों के सरल एवं सुलभ समाधान के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों में आम नागरिक स्थायी लोक अदालत की सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि स्थायी लोक अदालत के माध्यम से मुख्य रूप से यातायात से संबंधित समस्याएं, डाक, टेलीग्राफ एवं टेलीफोन सेवाएं, ऊर्जा, रोशनी एवं पानी की आपूर्ति, लोक स्वच्छता एवं डिस्पेंसरी की सेवाएं, अस्पताल एवं चिकित्सा सेवाएं, बीमा सेवाएं, शिक्षा एवं शिक्षण संस्थानों से संबंधित मामले, आवास एवं भू-संपदा, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं तथा बिजली/विद्युत से संबंधित मामलों का समाधान कराया जा सकता है।

इसके साथ ही ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों के संबंध में भी आमजनों को आवश्यक जानकारी दी गई। अध्यक्ष ने लोगों से अपील किया कि वे अपने अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक रहें तथा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी लोक अदालत की सुविधा का लाभ उठाएं। शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों तक न्याय की सहज एवं सुलभ पहुंच सुनिश्चित करना तथा विभिन्न लोक उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के समाधान के लिए उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।








