रिपोर्ट : छपरा डेस्क, उप-संपादक
राखी निर्माण व मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के सचिव ई. जयप्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रशिक्षुओं में रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का विकास करना है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। रामाधार सिंह टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, एकमा में बीएड सत्र 2025-27, 2026-28 एवं डीएलएड सत्र 2025-27 के प्रशिक्षुओं के लिए गुरुवार को श्रावण महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के सचिव ई. जयप्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के बीच राखी निर्माण प्रतियोगिता एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के सचिव ई. जयप्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रशिक्षुओं में रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का विकास करना है। साथ ही, इनके माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता, आपसी सहयोग और सौहार्द की भावना को बढ़ावा मिलता है। मेहंदी प्रतियोगिता के दौरान प्रशिक्षुओं ने श्रावण की हरियाली, प्रकृति व भारतीय संस्कृति से प्रेरित आकर्षक पारंपरिक एवं आधुनिक मेहंदी डिजाइनों को उकेरकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता कॉलेज की महिला प्राध्यापक कंचन भारती की देखरेख में संपन्न हुई। वहीं प्रशिक्षुओं ने आकर्षक एवं रचनात्मक डिजाइनों के माध्यम से राखी निर्माण में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी शामिल रहे। निर्णायक मंडल के सदस्यों ने सभी प्रतियोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए सृजनात्मकता, कलात्मकता और सौंदर्यबोध से जुड़ी क्षमताओं का विकास भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रावण महोत्सव ने न केवल उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत किया। इस मौके पर राजीव शर्मा, हरिशंकर सिंह, अनूप कुमार, ठाकुर सिंह, नागेंद्र कुमार सिंह अभी आदि लोग मौजूद थे।








