रिपोर्ट : उप-संपादक, छपरा डेस्क
सभी घायलों को स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
एकमा, (सारण)। रक्षाबंधन त्योहार के दौरान बहनों से राखी बंधवाने जाने अथवा राखी बंधवाकर घर लौटने की आपाधापी के बीच एकमा एवं आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग तीन सड़क दुर्घटनाओं में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया गया।

जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इरफान अहमद ने स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। पहली घटना में मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बाजार स्थित बीसीएस स्कूल के समीप शुक्रवार को टोटो और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया गया। घायलों की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के तिलकार गांव निवासी रमाकांत मिश्रा के पुत्र अमन कुमार मिश्रा (20) तथा मांझी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी मटू मिश्रा के पुत्र अभय कुमार मिश्रा (20) के रूप में हुई है। दुर्घटना में अभय कुमार मिश्रा को गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इरफान अहमद ने स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना में एकमा थाना क्षेत्र के छपरा-सिवान मुख्य मार्ग एनएच – 531 पर सिंह सर्विस फिलिंग स्टेशन के समीप बाइक सवार के फिसल जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान घायल की पहचान एकमा बाजार निवासी लाल बाबू रावत के पुत्र अमृत कुमार (22) के रूप में हुई। चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। तीसरी घटना एकमा-बनियापुर मार्ग पर बनियापुर थाना क्षेत्र के सुहंई बाजार के समीप हुई। बताया गया कि नगरा थाना क्षेत्र के नगरा गांव में अपनी बहन से राखी बंधवाने जा रहे बाइक सवार युवक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के एकमा टोला बिशुनपुरा गांव निवासी संजय शर्मा के पुत्र संजीव कुमार शर्मा (23) के रूप में हुई है। संजीव कुमार शर्मा का प्राथमिक उपचार ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इरफान अहमद ने स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बहरहाल, रक्षाबंधन के मौके पर हुई इन तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों के परिजनों एवं निकट संबंधियों में चिंता का माहौल है। दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।








