AMIT LEKH

Post: वृद्धाश्रम ‘सहारा’ में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व

वृद्धाश्रम ‘सहारा’ में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का पर्व

रिपोर्ट : उप-संपादक, बेतिया डेस्क

वरिष्ठजनों और कर्मियों के बीच दिखा स्नेह व अपनापन

कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं आत्मीय क्षण तब आया, जब वरिष्ठजनों ने वृद्धाश्रम के अधीक्षक आदित्य मधुकर सहित सभी वृद्धाश्रम कर्मियों को भी राखी बांधी

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार सरकार, समाज कल्याण विभाग, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय योजना अंतर्गत संचालित वृद्धाश्रम ‘सहारा’, पश्चिम चम्पारण में शुक्रवार को रक्षाबंधन का विशेष पर्व हर्षोल्लास एवं पारिवारिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम के सभी वरिष्ठजनों ने एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं अपनत्व का संदेश दिया।

फोटो : मोहन सिंह

इस दौरान वृद्धाश्रम का पूरा परिसर उत्सव और उमंग से भर गया। रक्षाबंधन के अवसर पर वृद्धाश्रम ‘सहारा’ में वरिष्ठजनों के लिए विशेष एवं स्वादिष्ट भोजन की भी व्यवस्था की गई। सभी वरिष्ठजनों ने मिलकर विशेष भोज का आनंद लिया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं आत्मीय क्षण तब आया, जब वरिष्ठजनों ने वृद्धाश्रम के अधीक्षक आदित्य मधुकर सहित सभी वृद्धाश्रम कर्मियों को भी राखी बांधी। वरिष्ठजनों ने राखी के माध्यम से यह संदेश दिया कि रिश्ते केवल खून के नहीं होते, बल्कि स्नेह, सेवा, सम्मान और विश्वास से भी रिश्ते बनते हैं। इस अवसर पर अधीक्षक आदित्य मधुकर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, स्नेह, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

छाया : अमिट लेख

वृद्धाश्रम ‘सहारा’ में रहने वाले वरिष्ठजन हमारे लिए परिवार के सदस्य हैं और उनके साथ हर त्योहार को परिवार की तरह मनाना हमारी जिम्मेदारी भी है और सौभाग्य भी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन वरिष्ठजनों के जीवन में खुशियां, अपनापन और सकारात्मक ऊर्जा लाने के साथ-साथ समाज को यह संदेश भी देते हैं कि हमारे बुजुर्गों का सम्मान और उनकी भावनात्मक जरूरतों का ध्यान रखना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम के अंत में सभी वरिष्ठजनों एवं वृद्धाश्रम कर्मियों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं तथा सेवा, सम्मान, सहयोग और अपनत्व की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Recent Post