रिपोर्ट : बेतिया डेस्क
कालीबाग ओपी से जमादार टोला होते हुए मनुआ पुल तक रोड और नाला निर्माण का संवेदक ने किया एकरारानामा, निर्माण कार्य होगा जल्द शुरू : गरिमा
वर्षों से बदहाल और जर्जर सड़क के साथ जगह जगह जल जमाव की बदलेगी तस्वीर,नाला निर्माण के साथ जल निकासी की सुविधा भी होगी बेहतर
बोलीं महापौर मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना से स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी सड़क और नाला योजना का 18 महीने में पूरा होगा निर्माण
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि शहर के कालीबाग ओपी थाना चौक से जमादार टोला होते मनुआ पुल के समीप एनएच-727 तक आवागमन को सुगम बनाने वाली उनकी महत्वाकांक्षी योजना का संवेदक द्वारा एकरारनामा कर लिया गया है। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत इस वर्षों से बदहाल और जर्जर सड़क पर डबल लेन पीसीसी रोड के साथ आरसीसी नाला निर्माण की स्वीकृत योजना के लिए कार्यादेश दिया गया है।

महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि इस सड़क की बदहाली और जलजमाव की समस्या से जूझ रहे इस शहरी क्षेत्र को इस योजना के पूरी होने से बड़ी राहत मिलेगी। महापौर ने बताया कि इस योजना की निविदा के तुलनात्मक चार्ट के अनुसार योजना की अनुमानित लागत करीब 8.88 करोड़ निर्धारित था। लेकिन निविदा प्रक्रिया में प्राप्त कम दरों की दावेदारी के आधार पर मेसर्स एमएनटी डेवलपर्स लिमिटेड की करीब 7.37 करोड़ की दर सबसे कम की दावेदारी के आधार पर एजेंसी का चयन करते हुए कार्यादेश जारी किया गया है। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि कार्य की अवधि 18 माह निर्धारित की गई है। योजना का महत्व केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है। पीसीसी सड़क बनने से कालीबाग ओपी, जमादार टोला और मनुआ पुल की ओर आने-जाने वाले लोगों को बेहतर, मजबूत और सुगम मार्ग मिलेगा। वहीं आरसीसी नाला बनने से बारिश के दौरान सड़क एवं आसपास के मोहल्लों में जमा होने वाले पानी की निकासी व्यवस्थित होगी। इससे जलजमाव के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या पर भी अंकुश लग सकेगा। महापौर श्रीमती सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के ढांचागत विकास की दृष्टि से यह योजना कालीबाग क्षेत्र को एनएच-727 से बेहतर कनेक्टिविटी देने के साथ स्थानीय यातायात व्यवस्था को मजबूत करेगी। निर्माण पूरा होने पर सड़क, जल निकासी और आवागमन के तीनों जरूरत पर शहर के लोगों के साथ आगंतुकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।


