AMIT LEKH

Post: उद्घाटन के महज 20 दिन बाद ही 13 करोड़ के पुल का एप्रोच रोड धंसा

उद्घाटन के महज 20 दिन बाद ही 13 करोड़ के पुल का एप्रोच रोड धंसा

संकलन : विशेष ब्यूरो, पटना डेस्क

20 फीट लंबी दरार से निर्माण कार्य पर उठे गंभीर सवाल

बीते 1 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा उद्घाटन किए गए मजुरहा-हरदिया पुल की एप्रोच सड़क उद्घाटन के महज 20 दिनों के भीतर जर्जर होने लगी है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख
मोतिहारी, (संवाददाता)। पूर्वी चंपारण में जिला मुख्यालय से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित नवनिर्मित आरसीसी (RCC) पुल के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। बीते 1 सितंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा उद्घाटन किए गए मजुरहा-हरदिया पुल की एप्रोच सड़क उद्घाटन के महज 20 दिनों के भीतर जर्जर होने लगी है। एप्रोच पथ में तकरीबन 20 फीट लंबी और गहरी दरारें आ गई हैं, वहीं सड़क का एक हिस्सा हल्का नीचे (डाउन) की तरफ धंस गया है। इस स्थिति के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में निर्माण एजेंसी और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। 13 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 72 मीटर लंबे और 7.5 मीटर चौड़े आरसीसी पुल के चालू होने से करीब 10 प्रखंडों के लोगों को जिला मुख्यालय से सीधी कनेक्टिविटी मिली थी। जिस दूरी को तय करने में घंटों लगते थे, वह मिनटों में सिमट गई थी। लेकिन सड़क धंसने और किनारे दरारें पड़ने से अब आवागमन पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने उद्घाटन की जल्दबाजी में आनन-फानन में एप्रोच रोड का निर्माण पूरा कर दिया। मिट्टी के सही भराव और कंपैक्शन के बिना बनाई गई सड़क पहली बारिश या नियमित आवाजाही का दबाव भी नहीं झेल सकी, जिससे सड़क धंस गई। डीएम कार्यालय से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर हुए इस गड़बड़ निर्माण कार्य ने विभागीय जांच और गुणवत्ता नियंत्रण की व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

Leave a Reply

Recent Post