रिपोर्ट : बेतिया डेस्क
28 सितंबर को लोकभवन मार्च में हजारों रसोईया होंगी शामिल
न्यूज़ डेस्क, ए. एल. न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। बिहार राज्य विद्यालय रसोईया यूनियन एटक की बैठक बलिराम भवन के सभागार में वीणा देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय रसोईयों को पिछले तीन माह से भुगतान नहीं मिलने पर गहरी नाराजगी और खेद प्रकट किया गया। यूनियन ने सरकार और विभाग से लंबित भुगतान का अविलंब भुगतान करने की मांग की। बैठक में रसोईयों की विभिन्न मांगों को लेकर भी चर्चा हुई। यूनियन ने रसोईयों की सेवानिवृत्ति की उम्र सीमा 60 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने, मृत रसोईयों के आश्रितों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का शीघ्र भुगतान करने तथा मध्याह्न भोजन योजना से एनजीओ को हटाकर रसोईयों की भूमिका को मजबूत करने की मांग उठाई। इसके साथ ही रसोईयों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में शामिल करने की मांग भी की गई। यूनियन नेताओं ने कहा कि लंबे समय से रसोईया अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं हुआ है। बैठक में आगामी 28 सितंबर को पटना में विभिन्न जन संगठनों की ओर से आयोजित लोकभवन मार्च को लेकर भी रणनीति बनाई गई। यूनियन ने कहा कि पश्चिम चंपारण जिले से हजारों की संख्या में रसोईया इस मार्च में शामिल होंगी। इसके लिए संगठन ने तैयारी तेज कर दी है और संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित सूचना भी दे दी गई है।बैठक को बिहार राज्य विद्यालय रसोईया यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश क्रांति, जिला अध्यक्ष लालबाबू राम सहित अन्य रसोईया नेताओं ने संबोधित किया। नेताओं ने अधिक से अधिक संख्या में रसोईयों से पटना मार्च में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक के दौरान रसोईयों को 15216 ट्रेन से पटना चलने का आह्वान भी किया गया। यूनियन ने कहा कि अपनी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने के लिए आंदोलन को व्यापक बनाया जाएगा।








