AMIT LEKH

Post: जिला पदाधिकारी ने मॉडल स्कूल का किया निरीक्षण

जिला पदाधिकारी ने मॉडल स्कूल का किया निरीक्षण

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 07 अक्टूबर 2026

विद्यार्थियों से संवाद कर परखी शैक्षणिक गुणवत्ता।

साप्ताहिक टेस्ट लेकर नियमित फॉलोअप करने तथा खेल मैदान एवं चहारदीवारी के विकास को लेकर दिए निर्देश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिला पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण तरनजोत सिंह ने आज लौरिया प्रखंड अंतर्गत सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) प्लस टू उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जवाहरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित पठन-पाठन, शैक्षणिक गतिविधियों तथा उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

फोटो : मोहन सिंह

जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं विद्यालय के प्राचार्य से विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, खेल-कूद, पुस्तकालय सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी कक्षा 9-ए में पहुंचे और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से विश्व युद्ध सहित विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों द्वारा प्रश्नों का सही एवं संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इसके पश्चात उन्होंने कक्षा 10-ए का भी निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी विषयगत समझ एवं शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। विद्यार्थियों द्वारा बेहतर उत्तर दिए जाने पर उन्होंने उनकी सराहना की।

छाया : अमिट लेख

उन्होंने बच्चों से खेल-कूद की गतिविधियों एवं विद्यालय के पुस्तकालय के उपयोग के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर नियमित रूप से पढ़ाई करें। बार-बार अभ्यास करने से विषयों की समझ बेहतर होती है और आत्मविश्वास बढ़ता है। अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरंतर मेहनत करें तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करें। उन्होंने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं विद्यालय के प्राचार्य को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन करने के लिए साप्ताहिक टेस्ट आयोजित करें। टेस्ट की कॉपियों को विद्यालय में विधिवत संधारित करते हुए विद्यार्थियों की प्रगति का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी शैक्षणिक कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। पठन-पाठन की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए शिक्षकगण पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और उनका भविष्य उज्ज्वल हो। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की आधारभूत संरचना का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को खेल मैदान के विकास तथा विद्यालय की चहारदीवारी के निर्माण को लेकर आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, विद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, लौरिया संजीव कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जगदीश राम, विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Recent Post