AMIT LEKH

Post: स्कूली बच्चों को शतरंज का प्रशिक्षण देकर बौद्धिक क्षमता एवं खेल प्रतिभा को मिल रहा बढ़ावा

स्कूली बच्चों को शतरंज का प्रशिक्षण देकर बौद्धिक क्षमता एवं खेल प्रतिभा को मिल रहा बढ़ावा

रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 10 अक्टूबर 2026

जिला खेल कार्यालय एवं चंपारण शतरंज अकादमी की संयुक्त पहल, संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रशिक्षण शुरू

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। जिले में स्कूली बच्चों के बीच शतरंज के खेल को बढ़ावा देने तथा उनकी बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय, पश्चिम चंपारण एवं चंपारण शतरंज अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में संत जेवियर्स हायर सेकेंडरी स्कूल, बेतिया के विद्यार्थियों के लिए शतरंज प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के फादर आर्मस्ट्रांग एडिसन ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को शतरंज के बुनियादी नियमों, मोहरों की चालों, रणनीति बनाने तथा प्रतिद्वंद्वी की चालों का आकलन करने की जानकारी दी जा रही है।

फोटो : मोहन सिंह

शतरंज एक बौद्धिक खेल है, जो बच्चों में धैर्य, अनुशासन, तार्किक सोच, एकाग्रता एवं समस्याओं का समाधान करने की क्षमता विकसित करता है। प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को खेल की बारीकियों से अवगत कराते हुए उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। प्रभारी जिला खेल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने कहा कि स्कूली बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल बच्चों में एकाग्रता, तार्किक क्षमता, धैर्य एवं सही समय पर निर्णय लेने की योग्यता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं खेल विभाग का प्रयास है कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही विभिन्न खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाए तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान किया जाए। इससे जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ भविष्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को तैयार करने में भी मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। शतरंज प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा खेल जगत में नई उपलब्धियां हासिल करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर शतरंज प्रशिक्षक शाहिद हुसैन, मनीष कुमार, नयन मणि कुमार, राकेश रेमी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक नवीन उत्पल, अमरेंद्र कुमार सिंह (कार्यपालक सहायक) एवं आशीष वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Recent Post