AMIT LEKH

Post: संजय सरावगी का आह्वान : एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरें एनडीए कार्यकर्ता

संजय सरावगी का आह्वान : एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरें एनडीए कार्यकर्ता

संकलन : चंपारण डेस्क, 10 अक्टूबर 2026

सभा को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि दरभंगा की धरती लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक चेतना के लिए जानी जाती है

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

चंपारण, (रमेश ठाकुर)। दरभंगा के राज रिसोर्ट में शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से आयोजित विशाल जनसभा में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए समर्थित प्रत्याशियों सर्वेश कुमार और डॉ. घनश्याम राय के समर्थन में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता प्रदर्शित की।

फोटो : रमेश ठाकुर

जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने का आह्वान किया। उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं से पूरी मजबूती के साथ चुनाव अभियान में जुटने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने की अपील की। सभा को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि दरभंगा की धरती लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक चेतना के लिए जानी जाती है। स्नातक और शिक्षक समाज के लोगों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि विधान परिषद में इन वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए उनके प्रतिनिधित्व को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास एवं सुशासन के मुद्दों को लेकर एनडीए आगे बढ़ रहा है।

छाया : अमिट लेख

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विधान परिषद में भी गठबंधन का मजबूत प्रतिनिधित्व शिक्षकों और स्नातकों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने में सहायक होगा। संजय सरावगी ने एनडीए के घटक दलों के बीच समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क अभियान तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और दोनों प्रत्याशियों की प्राथमिकताओं को मतदाताओं तक पहुंचाएं, ताकि चुनाव में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को चुनाव अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जनसभा में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, बिहार सरकार के मंत्री डॉ. राम चंद्र प्रसाद, मदन सहनी और शीला मंडल, पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य हरि सहनी, विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी सहित अन्य विधायक, विधान परिषद सदस्य और एनडीए के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा में मौजूद अन्य नेताओं ने भी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने शिक्षकों और स्नातकों से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में प्रभावी ढंग से उठाने की आवश्यकता पर बल दिया और दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जनसभा के समापन पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव अभियान को गति देने तथा मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Recent Post