AMIT LEKH

Post: भाभी की अंतिम विदाई में शामिल होने पैतृक गांव हथुआ के भरतपुरा पहुंचे मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत

भाभी की अंतिम विदाई में शामिल होने पैतृक गांव हथुआ के भरतपुरा पहुंचे मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 30 अक्टूबर 2026

स्वयं कंधा देकर श्मशान घाट तक ले गए पार्थिव शरीर, हिंदू रीति-रिवाज से दी गई अंतिम विदाई

परिजनों और ग्रामीणों की आंखें हुईं नम, छोटे पुत्र मुकेश कुमार ने दी मुखाग्नि

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

के. के. सिंह सेंगर

छपरा/गोपालगंज (बिहार)। बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत शुक्रवार की सुबह अपनी भाभी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सारण प्रमंडल के गोपालगंज जिले में स्थित अपने पैतृक गांव हथुआ प्रखंड के भरतपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपनी दिवंगत भाभी नीलम देवी के पार्थिव शरीर को स्वयं कंधा दिया और शवयात्रा में शामिल होकर श्मशान घाट तक पहुंचे।

फोटो : के.के. सिंह सेंगर

वहां हिंदू रीति-रिवाज एवं वैदिक परंपराओं के अनुसार नीलम देवी को अंतिम विदाई दी गई। मुख्य सचिव को इस दुखद घड़ी में भावुक देखकर वहां मौजूद परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। उनके रिश्तेदार व पर्यावरण मित्र डॉ सत्यप्रकाश से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के चचेरे भाई स्वर्गीय प्रदीप श्रीवास्तव की पत्नी नीलम देवी (60) का हाल ही में एक निजी अस्पताल में हृदय संबंधी ऑपरेशन हुआ था। बुधवार की शाम उन्हें स्वस्थ अवस्था में गांव लाया गया था। लेकिन एंबुलेंस से उतरते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। बताया गया कि उनकी मृत्यु हृदय गति रुकने से हुई।

छाया : अमिट लेख

नीलम देवी के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्य सचिव के पिता एवं पूर्व कुलपति डॉ. रिपुसूदन प्रसाद श्रीवास्तव सहित परिवार के अन्य सदस्य गांव पहुंचे। परिजनों के आगमन की प्रतीक्षा में दिवंगत नीलम देवी के पार्थिव शरीर को दो दिनों तक हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में रखा गया था। शुक्रवार की सुबह उनकी बेटी रश्मि के पहुंचने के बाद पैतृक श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। उनके छोटे पुत्र मुकेश कुमार ने मुखाग्नि देकर अपनी मां को अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों, क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं ग्रामीणों ने नम आंखों से दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर समीर परिमल, प्रेम सिन्हा, पर्यावरण मित्र डॉ. सत्य प्रकाश, राजेश श्रीवास्तव, अनिल सिंह, राजकुमार बैठा, प्रेमचंद्र त्रिपाठी, अस्तित्व अंकुर, अरुण कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत द्वारा अपनी भाभी के पार्थिव शरीर को स्वयं कंधा देकर श्मशान घाट तक ले जाना इस दुखद अवसर का बेहद भावुक क्षण रहा। परिवार के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव और पारिवारिक जिम्मेदारी की इस भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

Leave a Reply

Recent Post