रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 30 अक्टूबर 2026
प्रसिद्ध महेंद्रनाथ सरोवर को जैव विविधता विरासत स्थल (बायोडायवर्सिटी हेरिटेज साइट) के रूप में विकसित और चयनित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
सीवान, (एक प्रतिनिधि)। जिले के प्रसिद्ध महेंद्रनाथ सरोवर को जैव विविधता विरासत स्थल (बायोडायवर्सिटी हेरिटेज साइट) के रूप में विकसित और चयनित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसको लेकर बिहार राज्य जैव विविधता पर्षद, पटना की चार सदस्यीय टीम ने गुरुवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा से मुलाकात की। इस दौरान सरोवर की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण और इसे विरासत स्थल के रूप में चयनित करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में संबंधित पंचायतों की जैव विविधता प्रबंधन समितियों (बीएमसी) एवं स्थानीय निकायों से अनुशंसा प्राप्त करने के साथ ही क्षेत्र में कराए गए जैव विविधता सर्वेक्षण के निष्कर्षों पर भी विचार-विमर्श किया गया। टीम ने चयन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की। बिहार राज्य जैव विविधता पर्षद की टीम में विषय क्षेत्र विशेषज्ञ अमरेश बिहारी झा, यंग प्रोफेशनल हर्षिता प्रकाश तथा इंटर्न दिवाकर कुमार और सुनंदा कुमारी शामिल थीं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महेंद्रनाथ सरोवर क्षेत्र में मौजूद जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है। साथ ही संरक्षण एवं प्रबंधन की प्रक्रिया में ग्राम पंचायतों, जैव विविधता प्रबंधन समितियों और स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।महेंद्रनाथ सरोवर को जैव विविधता विरासत स्थल के रूप में चयनित किए जाने की पहल से क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत को पहचान मिलने के साथ उसके दीर्घकालिक संरक्षण का मार्ग भी प्रशस्त हो सकता है।

