AMIT LEKH

Post: पटना-मुजफ्फरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विभाग की कार्रवाई

पटना-मुजफ्फरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विभाग की कार्रवाई

रिपोर्ट : छपरा डेस्क, 30 अक्टूबर 2026

एक्सपायर्ड और असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त कर किया नष्ट

अनमोल होटल से लेकर बिरयानी प्रतिष्ठानों तक हुई जांच, कहीं पनीर-चिकन तो कहीं दूध, चीज और मटन किया गया नष्ट

कई प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस, कुछ के किचन दो से तीन दिनों तक बंद रखने का निर्देश

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

–  अमिट लेख

पटना, (संवाददाता)। आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना और मुजफ्फरपुर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई अभियान चलाया। इस दौरान कई रेस्टोरेंट, होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन, साफ-सफाई में कमी, एक्सपायर्ड सामग्री के इस्तेमाल तथा खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

फोटो : संवाददाता

विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए बासी, सड़ी-गली और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। साथ ही कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए तथा संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के निर्देश दिए गए।

बुद्ध मार्ग स्थित अनमोल होटल से बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त :

पटना के बुद्ध मार्ग स्थित मेसर्स अनमोल होटल में निरीक्षण के दौरान किचन की साफ-सफाई में कमी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए पनीर, रोस्टेड चिकन, ग्रेवी, मंचूरियन मसाला, व्हाइट ग्रेवी मिक्स, कच्चा चिकन, पनीर फ्राई, मशरूम, मंचूरियन, कटी हुई सब्जियां एवं प्याज सहित विभिन्न खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार जब्त सामग्री का कुल मूल्य 36,650 रुपये था।

प्रतिष्ठान से पनीर और चिकन के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए। निरीक्षण में कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। विभाग ने प्रतिष्ठान को सात दिनों का सुधार नोटिस जारी किया।

बिरयानी प्रतिष्ठानों में भी मिली अनियमितताएं :

आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल में निरीक्षण के दौरान 13 किलोग्राम हाफ बॉयल्ड चिकन, तीन किलोग्राम वेज आइटम और डेढ़ किलोग्राम उबला हुआ मटन जब्त कर नष्ट किया गया। इसकी कुल कीमत लगभग 3,150 रुपये बताई गई है। वहीं, एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट तथा FEFO और FIFO नियमों के अनुपालन से संबंधित व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना संग्रहित किया।
एसके पुरी, बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल में भी निरीक्षण के दौरान वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं मिले। विभागीय टीम ने चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

एक्सपायर्ड सामग्री मिलने पर बिरयानी मॉल का किचन तीन दिनों तक बंद :

फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में निरीक्षण के दौरान तीन किलोग्राम एक्सपायर्ड दूध, एक किलोग्राम अमूल चीज और एक किलोग्राम डेयरी क्रीम सहित अन्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई गई। जब्त सामग्री की कीमत लगभग दो हजार रुपये आंकी गई। प्रतिष्ठान से कच्चे चिकन के दो नमूने भी जांच के लिए भेजे गए। खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमी पाए जाने पर विभाग ने तीन दिनों तक किचन बंद रखने का निर्देश दिया। इसी तरह बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल के किचन में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। टीम ने कच्चे चिकन और मिर्च पाउडर के नमूने लिए तथा किचन की अस्वच्छ स्थिति को देखते हुए दो दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया।

मटन महल से सरसों तेल का नमूना संग्रहित :

पटना में बिहार म्यूजियम के सामने बेली रोड स्थित मेसर्स मटन महल का भी निरीक्षण किया गया। यहां से सरसों तेल का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। प्रतिष्ठान को खाद्य अनुज्ञप्ति से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने तथा सात दिनों के भीतर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

टेस्टी ट्रीट में सड़ी-गली खाद्य सामग्री जब्त :

वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित मेसर्स टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में निरीक्षण के दौरान सड़ी-गली खाद्य सामग्री पाई गई। टीम ने दो किलोग्राम चिकन, एक किलोग्राम पीली दाल, एक किलोग्राम पकी हुई मछली और तीन किलोग्राम ग्रेवी जब्त कर नष्ट कराई। जब्त सामग्री की कीमत लगभग एक हजार रुपये बताई गई।

बिग बास्केट में खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखने पर कार्रवाई :

आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट (इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) के निरीक्षण में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्रियां एक साथ रखी हुई मिलीं। FEFO और FIFO नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। प्रतिष्ठान द्वारा कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और FOSTAC प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। टीम ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिश्रित दाल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

मुजफ्फरपुर की एआर बेकरी में भी हुई कार्रवाई :

मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित मेसर्स एआर बेकरी में निरीक्षण के दौरान बिकाजी भुजिया और थम्स अप, स्प्राइट तथा माजा सहित विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थों में अनियमितताएं पाई गईं। विभागीय टीम ने संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। इसकी कुल कीमत लगभग 2,100 रुपये बताई गई। खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता और भंडारण संबंधी नियमों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Recent Post