रिपोर्ट : बेतिया डेस्क, 21 नवम्बर 2026
बानूछापर वार्ड 27 में 44.83 लाख से बनी देवी नगर की पीसीसी सड़क और आरसीसी नाला का महापौर ने किया दल बल सहित निरीक्षण
बोलीं महापौर -विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को टिकाऊ, गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक आधारभूत संरचना भी उपलब्ध कराना
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के नव अधिग्रहित बानूछापर के वार्ड संख्या 27 स्थित देवी नगर में बुनियादी नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नगर निगम बोर्ड की स्वीकृति से पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कराया गया है।
महापौर श्रीमती सिकारिया ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर स्थानीय जनता जनार्दन को उपलब्ध कराई गई विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। नगर विकास एवं आवास विभाग की वित्तीय वर्ष 2025-26 की पंद्रहवीं वित्त आयोग मद से स्वीकृत इस योजना की कुल प्राक्कलित राशि 44 लाख 83 हजार 534 रुपये है। योजना के तहत वार्ड संख्या 27 के संत कबीर रोड में अखिलेश्वर यादव के घर से मोतीलाल पटेल के घर की ओर जाने वाली सड़क एवं नाला निर्माण कार्य शामिल है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि कार्य प्रारंभ विगत 13 अगस्त 2026 गया था, कार्य पूरा करने की समय सीमा नवंबर 2026 निर्धारित है। इस मौके पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि नवअधिग्रहित क्षेत्रों में सड़क और जल -निकासी की बेहतर व्यवस्था हमारे संकल्प और प्राथमिकताओं में शामिल है। पीसीसी सड़क से आवागमन सुगम होगा, वहीं आरसीसी नाले से जल निकासी की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को टिकाऊ, गुणवत्तापूर्ण और सुविधाजनक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना है।

