सुपौल, (विशेष ब्यूरो)। जिले के त्रिवेणीगंज स्थित स्थानीय अनुमंडल अस्पताल में सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ संबंधित कार्य के लिए स्मार्ट फोन दिया गया। स्वास्थ्य प्रबंधक एस. अदिव अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के द्वारा प्रखंड क्षेत्र के आशा कार्यकर्ताओं को हाइटेक बनाने के लिए स्मार्ट फोन दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ कही जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को हाईटेक बनाने की दिशा में यह बेहतर कदम है। उन्होंने बताया कि आशा को रजिस्टर में लिखने की जहमत अब नहीं उठानी पड़ेगी साथ ही अन्य संकलनों की परेशानियों से भी मुक्ति मिलेगी। मोबाइल को खासतौर पर स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने, बताया कि प्रखंड क्षेत्र में कुल 335 आशा कार्यकर्ता एवं 15 फैसिलेटर हैं। जिसमें से 330 को स्मार्ट फोन उपलब्ध कराया जा रहा है।








