इंडो नेपाल सीमा अंतर्गत वाल्मीकीनगर में स्थित स्टेट बैंक के पास दिनदहाड़े भालुओं का झुंड पहुंच गया जिसे देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया
वाल्मीकिनगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
– अमिट लेख
वाल्मीकिनगर, (संवाददाता)। महर्षि वाल्मीकि के तपोभूमि पर भालुओं का झुंड देख राहगीरों में मचा हड़कंप, दिनदहाड़े एसबीआई बैंक के पास निकले भालू। इंडो नेपाल सीमा अंतर्गत वाल्मीकीनगर में स्थित स्टेट बैंक के पास दिनदहाड़े भालुओं का झुंड पहुंच गया जिसे देखकर राहगीरों में हड़कंप मच गया।
हालांकि भीड़ देख भालू जंगल के झाड़ियों में घुस गए।वाल्मीकीनगर के छाता चौक के पास सुबह सुबह भालुओं का झुंड देख लोग घबरा गए। दरअसल नर देवी माता स्थान से लौट रहे पर्यटकों को अचानक तीन से चार की संख्या में भालू दिख गए जो सड़क तक चले आए थे। जिसके बाद मौके पर धीरे धीरे भीड़ जमा हो गई और राहगीर जहां थे वहीं चुपचाप खड़े हो गए ताकि भालु भाग जाएं तब वे अपने गंतव्य तक जाएं। लोगों की आवाज सुन भालू वापस नजदीक के झाड़ियों में जा घुसे और वहीं बैठ गए। उसके बाद लोगों का आवागमन चालू हुआ। वाल्मीकीनगर के गोल चौक से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जाने के रास्ते में नदी घाटी उच्च विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय पड़ता है। इसके ठीक सामने पोस्ट ऑफिस है। ऐसे में राहगीर और स्थानीय लोग भालुओं को देख इसलिए भयभीत हो गए की उस समय बच्चों के स्कूल जाने का समय हुआ था।
हालांकि लोगों के हो हल्ला के बाद भालुओं का झुंड सड़क किनारे जंगल के झाड़ियों में चला गया। बेतिया से नर देवी माता स्थान का दर्शन करने पहुंचे युवक ने बताया की वह जैसे हीं मंदिर से जंगल के रास्ते आकर सड़क पर पहुंचा वैसे हीं उसे भालुओं का झुंड सड़क पर नजर आया। कई लोग मौके पर जमा थे और वे भालुओं को भगाने का प्रयास कर रहे थे। वाल्मीकीनगर के प्रभारी रेंजर ने बताया की आम के सीजन में अमूमन भालू बस्तियों का रुख करते हैं। इसी क्रम में भालू भोजन की तलाश में यहां तक पहुंचे होंगे। उन्होंने आगे बताया की जंगल के रास्तों पर लोगों को आवाजाही करने पर सावधानी बरतनी चाहिए।








