पल्सर बाइक और लूट में प्रयुक्त एक अपाचे बाइक बरामद
न्यूज़ डेस्क, जिला सुपौल
संतोष कुमार, अनुमंडल ब्यूरो
– अमिट लेख
त्रिवेणीगंज, (सुपौल)। थाना क्षेत्र के कुशहा गांव स्थित पुल के समीप रविवार की संध्या घर से लौट रहे एक व्यक्ति से चार अपराधियों ने पल्सर बाइक छीन लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक अपराधी को दबोच लिया। सूचना पर त्रिवेणीगंज पुलिस ने वारदात में शामिल दो अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट गई पल्सर बाइक और लूट में प्रयुक्त एक अपाचे बाइक बरामद की गई है।
गिरफ्तार अपराधी में थाना क्षेत्र के डपरखा निवासी अंकित कुमार सूरज कुमार एवं ग्रामीणों के द्वारा दबोचे गए छातापुर थाना क्षेत्र तिलाठी निवासी मनीष कुमार शामिल है। इस बाबत त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष कृष्णवली सिंह ने बताया कि रविवार की देर संध्या वीरपुर से अपने घर परसाही गांव लौट रहे प्रवीण कुमार को कुशहा पुल के समीप चार अपराध कर्मियों द्वारा हथियार का भय दिखाकर उनका पल्सर बाइक छीन लिया गया। स्थानीय लोगों के द्वारा भाग रहे एक अपराधकर्मी छातापुर थाना क्षेत्र के तिलाठी निवासी मनीष कुमार को पकड़ लिया गया। घटना की सूचना पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते घटना में शामिल अन्य अपराधकर्मी सूरज कुमार एवं अंकित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कांड में लूटी गई एवं प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है।








