ईलाज के दौरान 25वें दिन युवक की हुई मौत
न्यूज़ डेस्क ,पूर्वी चंपारण
दिवाकर पाण्डेय
-अमिट लेख
मोतिहारी ( जिला ब्यूरो )। पूर्वी चम्पारण जिला के मधुबन थाना क्षेत्र के मधुबन चकिया पथ पर नन्हकार चौक के समीप शुक्रवार की सुबह 32 वर्षीय देवेंद्र ठाकुर की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने शव के साथ पथ को जाम कर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
मृतक के भाई श्याम सुंदर ठाकुर ने बताया कि घटना 5 नवंबर की सुबह की है। जब देवेंद्र घर से चकिया फर्नीचर के दुकान पर बाइक से निकला तभी घर से महज डेढ किलोमीटर की दूरी पर नन्कार में स्थानीय निवासी राजू राम को बाइक से हल्की ठोकर लगी। इस पर राजू राम व उनके परिवार वाले मेरे भाई को बेरहमी से आंख मुंह में बालू ठूंस कर ईट ,डंडे से पीट-पीटकर बुरी तरह घायल कर दिए तथा सड़क के किनारे अचेत अवस्था में उसके शरीर पर बाइक रखकर वहां से फरार हो गया। सूचना पर मधुबन पुलिस घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा परिजनों को इसकी सूचना दी। गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने घायल युवक को पटना रेफर कर दिया। जहां सरकारी व निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 25वें दिन मेरे भाई की की मौत हो गई । बता दें कि युवक छः भाइयों में चौथा था। सभी भाई फर्नीचर के काम के साथ खेती-बाड़ी कर अपना गुजर बसर करते हैं ।मृतक चकिया में फर्नीचर की दुकान में काम करता था। 11 जून 2023 को ही मृतक का विवाह हुआ था ।पत्नी बीणा देवी मां मालती देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था । जाम की सूचना मिलते ही मधुबन सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों को समुचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया तथा सड़क को जाम मुक्त करवाया।








