गुस्साए छात्रों ने दर्ज कराया प्राथमिकि दर्ज
न्यूज़ डेस्क,पूर्वी चंपारण
दिवाकर पाण्डेय
अमिट लेख
मोतिहारी(जिला ब्यूरो)। चम्पारण जिला के ढाका प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय नरकटिया में मिड-डे मील में कीड़ा मिलने पर मंगलवार को बच्चों ने जमकर हंगामा किया। इससे नाराज शिक्षक ने बुधवार को बच्चों की पिटाई कर दी। इसके बाद यह मामला थाना पहुंच गया। पुलिस ने आरोपित शिक्षक और प्रधानाध्यापक को थाने ले आकर पूछताछ की। विद्यालय के छात्र सुधीर कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन कहा कि मंगलवार को विद्यालय में भोजन परोसे जाने के बाद सोयाबीन में कीड़ा निकला था। इसकी शिकायत प्रधानाध्यापक से की गई। एचएम ने धमकाते हुए कहा कि जो परोसा जा रहा है वह खाओ। इसके बाद सभी बच्चे हंगामा करने लगे। मामले की सूचना मिलने पर स्कूल पहुंची पुलिस ने छात्रों को शांत कराया। विद्यालय के अन्य छात्रों संदीप कुमार, अनुज कुमार, संटू कुमार, सन्नी कुमार, अनुराग कुमार ने बताया कि पुलिस से शिकायत करने से नाराज प्रधानाध्यापक सुभाष चौधरी, शिक्षक रंजीत कुमार एवं अशोक कुमार द्वारा मारपीट भी की गई। बच्चों ने पुन: थानाध्यक्ष से शिकायत कर दी। पुलिस आरोपित शिक्षक को थाने ले आई। पुलिस को दिए आवेदन में वार्ड सदस्य प्रमोद मिश्र को भी आरोपित किया गया है। जो परोसा जा रहा है, वह खाओ ग्रामीण विजय पंडित ने कहा कि पिछले दो वर्षों से मिड-डे मील की स्थिति दयनीय है। मेनू के अनुसार बच्चों को भोजन नहीं परोसा जाता है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अखिलेश्वर कुमार सिंह ने अनभिज्ञता प्रकट की। थानाध्यक्ष मुकेशचंद्र कुमर ने कहा कि आरोपित शिक्षक एवं एचएम से पूछताछ की जा रही है। दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। मामले में एसडीओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि मामले की जांच के लिए बीईओ को निर्देशित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।








