बदले गए ट्रेनों रिशेड्यूल
न्यूज़ डेस्क,पूर्वी चंपारण
दिवाकर पाण्डेय
अमिट लेख
मोतिहारी (जिला ब्यूरो) । मुजफ्फरपुर- वाल्मीकिनगर रेल लाइन दोहरीकरण को लेकर बापूधाम मोतिहारी जंक्शन के यार्ड में जारी प्री एनआई वर्क को लेकर ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। इस कारण रविवार को मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जाने वाली 12557 अप सप्तक्रांति सुपरफास्ट को तीन घंटे और रक्सौल से हावड़ा जाने वाली मिथिला एक्सप्रेस को साढ़े चार घंटा रिशेड्यूल किया गया। सप्तक्रांति एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 11.35 बजे की जगह दोपहर 2.35 बजे रवाना हुई। रिशेड्यूल होने के बाद खुली मिथिला एक्सप्रेस शाम करीब छह बजे बापूधाम मोतिहारी पहुंची। इसके अलावा बाघ एक्सप्रेस भी रिशेड्यूल कर चलाई गई। सप्तक्रांति व मिथिला एक्सप्रेस के समय में बदलाव के बावजूद उसके यात्री स्टेशन पर नियमित समय पर पहुंच गए थे। यात्री बार-बार सहयोग काउंटर, स्टेशन मास्टर और स्टेशन प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर ट्रेन की अद्यतन जानकारी लेते रहे। मोबाइल एप पर मिथिला एक्सप्रेस की जानकारी उपलब्ध नहीं थी। उधर, प्लेटफॉर्म नंबर चार पर खड़ी डाउन सप्तक्रांति एक्सप्रेस को अप ट्रेन समझ कर काफी संख्या में यात्री जनरल बोगी में सवार हो गए। इसकी सूचना मिलने पर आरपीएफ ने उनको उतारा।








