अगलगी की घटना में एक परिवार का घर सहित सामान जलकर हुआ राख
न्यूज़ डेस्क,सुपौल
संतोष कुमार,अनुमंडल ब्यूरो
अमिट लेख
त्रिवेणीगंज(सुपौल) : प्रखंड क्षेत्र के कुशहा पंचायत के मयुरवा वार्ड नंबर 1 में सोमवार को अलाव की चिंगारी से आग लगने से एक परिवार का घर जलकर राख हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब 4:00 बजे शाम घर में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक आग ने घर अपने चपेट मे लिया और पूरे घर को जला दिया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम व स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग की चपेट में आने से अन्य घरों को बचाया गया। आग लगने से घर में रखा चौकी, बक्सा, कपड़ा, अनाज,नगद सहित अन्य समान पूरी तरह जलकर राख हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अग्नि पीड़ित ललितेश्वर यादव पेशे से किसान है। किसानी से ही परिवार का भरण पोषण करते है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकार की तरफ से दिये जाने वाले उचित मुआवजे की मांग की है। त्रिवेणीगंज अंचला अधिकारी दिनेश प्रसाद ने बताया कि उक्त घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने मौखिक रूप से दी है। संबंधित क्षेत्र के राजस्व कर्मचारी से अगलगी की घटना की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांचोपरांत पीड़ित परिवार को मुआवजा के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








