



हमारे विशेष ब्यूरो बिहार दिवाकर पाण्डेय की रिपोर्ट :
मांग भरवाई, कॉलर पकड़ लटक गई, कहा : ले चलो अपने घर
फिलहाल लड़के के पिता ने पटना बाईपास थाने में मामले में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकि दर्ज करने की मांग की है
न्यूज डेस्क, राजधानी पटना
दिवाकर पाण्डेय
– अमिट लेख
पटना, (विशेष ब्यूरो)।। बिहार में एक बार फिर पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है। राजधानी पटना के बाहरी बेगमपुर में एक लड़के की उसके साथ पढ़ने वाली लड़की से जबरदस्ती शादी करवा दी गई। आरोप है कि लड़के से जबरन लड़की की मांग भरवाई गई। मांग भरने के बाद लड़की भी जबरदस्ती लड़के के घर जाने की जिद करने लगी। लड़के ने मना किया तो वह उसके कपड़े खीचने लगी। लड़के का कॉलर पकड़कर लटक गई। फिलहाल लड़के के पिता ने पटना बाईपास थाने में मामले में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकि दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में पिता ने बेटे के जबरन शादी कराने का आरोप लड़की के परिवार और एक एनजीओ में काम करने वालीं कुछ महिलाओं पर लगाया। ये मामला करीब डेढ़ महीने पुराना है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हैरान करने वाली इस घटना के बारे में बताया जा रहा है कि पटना की लड़की पूजा कुमारी बाहरी बेगमपुर के गणेश कुमार के घर पहुंच गई और लड़के पर शादी के लिए दबाव बनाने लगी। इसके बाद ग्रामीणों और एनजीओ की महिलाओं की मदद से मोहल्ले के एक शिव मंदिर में इनकी शादी करा दी गई। इसके बाद असली तमाशा शुरू हो गया। इस मामले को लेकर गणेश के पिता रवनीश कुमार ने आरोप लगाया कि उनके बेटा को जबरदस्ती उठाकर शादी कर दी गई है। लड़के के पिता ने कहा कि बेटे गणेश के साथ लड़की पढ़ती थी। इस दौरान पढ़ाई लिखाई के सिलसिले में दोनों की बातचीत होती थी। लेकिन लड़की ने बेटे पर गलत आरोप लगाया और उसके साथ जबरन शादी की है। बिहार में जबरिया शादी के मामले अक्सर सामने आता है। पिछले साल बिहार के वैशाली में एक बीपीएससी शिक्षक की जबरन शादी करा दी गई थी। बिहार में होने वाली जबरिया शादी को लेकर पटना हाईकोर्ट ने कड़ी टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा है कि जबरदस्ती सिंदूर लगाना या दवाब में लगवाने को शादी नहीं माना जा सकता है।एचसी ने कहा है- जब तक लड़का-लड़की दोनों की इच्छा न हो और शादी के दौरान दूल्हा और दुल्हन सात फेरे नहीं ले लेते तब तक इसे विवाह नहीं माना जाएगा।