



बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
कई मामलों का हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान
न्यूज़ डेस्क, जिला पश्चिम चम्पारण
मोहन सिंह
– अमिट लेख
बेतिया, (ए.एल.न्यूज़)। जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी, दिनेश कुमार राय ने लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को बारी-बारी से सुना।

जनता दरबार में कई समस्याओं एवं शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान कराया गया। साथ ही कई मामलों में संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को फोन कर समस्याओं का समाधान करने के लिए शीघ्र समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी के जनता दरबार में 98 मामले आए। जिन मामलों का समाधान आज नहीं हो सका, उसे संबंधित विभाग/अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित गति से नियमानुकूल समाधान कराने हेतु निर्देशित किया गया। जनता दरबार में कई तरह के मामले आए। जिसमें खेल, राजस्व, शिक्षा, आपूर्ति, आवास, स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या आदि शामिल हैं। जिलाधिकारी ने हर मामले को बहुत गौर से सुना और नियमानुसार समाधान की दिशा में आवेदन को आगे बढ़ाया। जिन लोगों ने अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया उनमें सीमा देवी, रमेश राम, हरिहर हरिजन, चन्दा देवी, जवाहर दास, देवनाथ प्रसाद, उमेश यादव, अर्जुन चौरसिया, अमृता कुमारी, मीना देवी, सुमन देवी, अनिल कुमार आदि के नाम शामिल हैं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, राजीव कुमार सिंह, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता, श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।