छपरा से हमारे प्रमंडलीय ब्यूरो का संकलन :
डीएम व एसएसपी ने पहुंच कर लिया जायजा, पुलिस कर रही कैंप
न्यूज़ डेस्क, छपरा/सारण
संवाददाता
– अमिट लेख
एकमा/रसूलपुर, (सारण)। जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के नवादा गांव स्थित बाबा दूधनाथ मंदिर के शिवलिंग को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।

गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। मंदिर के पुजारी ने बताया कि बुधवार देर रात में आरती करने व भोग लगाने के बाद वे सोने चले गए थे।

सुबह साफ-सफाई के दौरान उन्होंने देखा कि शिवलिंग टूटा हुआ है। इसकी सूचना तुरंत ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन को खबर दी। यहां उल्लेखनीय है कि पहले से ही मंदिर के दरवाजे में ताला बंद नहीं किया जाता है। साथ ही आसपास में कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा हुआ है। जानकारी पाकर रसूलपुर थाना पुलिस सहित छपरा सदर एसडीपीओ-2 एकमा राजकुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने इस घटना को धार्मिक आस्था पर चोट बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उधर वारदात की जानकारी मिलते ही घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण जिलाधिकारी अमन समीर व एसएसपी डॉ. कुमार आशीष, सीओ राहुल शंकर, एकमा बीडीओ डॉ अरुण कुमार, पूर्व विधायक मनोरंजन कुमार सिंह धूमल भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिए।

जिलाधिकारी श्री समीर ने बताया कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और शांति बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस कैंप कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के द्वारा मामले को लेकर शांति का परिचय दिया गया है। ग्रामीण इसी तरह से प्रशासन का सहयोग करें। शीघ्र ही दोषियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
अज्ञात के विरुद्ध सीओ ने दर्ज कराई प्राथमिकी :
मामले में एकमा के अंचलाधिकारी राहुल शंकर के द्वारा रसूलपुर थाने में पहुंचकर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिक की दर्ज कराई गई है। प्राथमिक दर्ज होने के बाद पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात असामाजिक तत्वों की पहचान व गिरफ्तारी करने हेतु प्रयास तेज कर दी है।








