पटना से विशेष संवाददाता दिवाकर पाण्डेय का संकलन :
मधुबनी में भगवान के दरबार में भी सेंधमारी, उग्रनाथ मंदिर से सोने का मुकुट और दान पेटी साफ, लाखों की दौलत चुरा कर फरार हो गए चोर
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (संवाददाता)। बिहार में जुर्म की दुनिया अब इस कदर बेखौफ हो चुकी है कि चोर-उचक्के इबादतगाहों को भी नहीं बख्श रहे। ताजा वारदात बिहार के मधुबनी जिला के सकरी थाना इलाक़े के भवानीपुर गांव की है, जहां मिथिलांचल के मशहूर उग्रनाथ मंदिर में बदमाशों ने रात के अंधेरे में बड़ी सेंधमारी को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आधी रात के बाद नामालूम चोरों ने मंदिर के मुख्य दरवाज़े का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। बेखौफ अंदाज़ में भगवान पर चढ़ा सोने का मुकुट उतार लिया और फिर दान पेटी को तोड़कर उसमें रखी नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। अंदाजा लगाया जा रहा है कि लाखों रुपये की संपत्ति पर बदमाशों ने डाका डाल दिया और मौके से फरार हो गए। सुबह जब पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। अंदर का नज़ारा देख गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते बड़ी तादाद में ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए। लोगों में जबरदस्त आक्रोश है और इसे धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला बताया जा रहा है। वारदात की खबर मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल का मुआयना किया गया, आसपास के संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके में नाकेबंदी कर गश्त तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही मुल्ज़िमों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। उग्रनाथ मंदिर मिथिलांचल का अहम धार्मिक केंद्र है, जहां दूर-दराज़ से अकीदतमंद दर्शन के लिए आते हैं। महाशिवरात्रि और सावन में यहां भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे पवित्र स्थल में हुई यह चोरी न सिर्फ एक आपराधिक वारदात है, बल्कि आस्था पर भी गहरी चोट है। अब सबकी निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं क्या कानून के हाथ इन बेखौफ चोरों तक जल्द पहुंच पाएंगे?








