महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
पूर्व राज्य मंत्री शिवेंद्र सिंह ने किया सिलाई-कढ़ाई केंद्र का शुभारंभ
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। जनपद के थाना निचलौल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा गड़ौरा निचलौल में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिलाई-कढ़ाई केंद्र का शुभारंभ किया गया।

इस केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व राज्य मंत्री माननीय शिवेंद्र सिंह जी द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अवनिद्र नाथ द्विवेदी उर्फ महंत दुबे जी एवं पूर्व केन यूनियन चेयरमैन राजेश्वर तिवारी उर्फ पप्पू तिवारी जी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि शिवेंद्र सिंह जी ने कहा कि “आज के समय में आत्मनिर्भरता सबसे बड़ी आवश्यकता है। सरकार और समाज दोनों का प्रयास होना चाहिए कि गांव की बेटियां और महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हों। सिलाई-कढ़ाई जैसे हुनर न केवल रोजगार देते हैं, बल्कि आत्मसम्मान भी बढ़ाते हैं।

ऐसे केंद्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ परिवारों को सशक्त बनाने का काम करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि “यदि हम अपने गांवों को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो हमें शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना होगा। इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।” कार्यक्रम के दौरान अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए लाभकारी बताया। यह केंद्र अजीत गुप्ता जी के आवास पर संचालित किया जाएगा, जहां स्थानीय महिलाओं एवं युवतियों को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








