बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
23,842 सिलेंडर स्टॉक में, 11,649 का डिस्पैच
उपभोक्ताओं को समय पर वितरण के निर्देश
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। पश्चिम चम्पारण जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर महत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी साझा की गई। प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में कुल 9,57,642 एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से 59,456 उपभोक्ताओं की बुकिंग फिलहाल लंबित है, जबकि प्रतिदिन औसतन 13,996 सिलेंडरों की खपत हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 23,842 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं तथा 11,649 सिलेंडरों का डिस्पैच किया जा चुका है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय है। कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर अब तक कुल 303 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका त्वरित निष्पादन किया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी न हो। गैस वितरण के दौरान संभावित भीड़भाड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए जिले के विभिन्न अनुमंडलों में गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही सभी गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया है कि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए वाहनों और वेंडरों की संख्या बढ़ाई जाए। जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के स्टॉक एवं वितरण प्रणाली की लगातार निगरानी की जा रही है। गैस गोदामों की नियमित जांच कराई जा रही है और अनुमंडल पदाधिकारियों के माध्यम से सभी विपणन अधिकारियों (एमओ) को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे निरीक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। यदि किसी गोदाम में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद वितरण में कोताही पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी संचालक के विरुद्ध सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न ऑयल कंपनियों के फील्ड ऑफिसर भी उपस्थित रहे।








