AMIT LEKH

Post: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर पत्थरबाजी, फायरिंग में एक किसान की मौत

आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर पत्थरबाजी, फायरिंग में एक किसान की मौत

पटना से विशेष संवाददाता का संकलन : 

 

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख

पटना/मुजफ्फरपुर, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार में इन दिनों अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और इस दौरान पुलिस पर लोग हमले भी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है मुजफ्फरपुर से जहां छापेमारी में गई पुलिस पर स्थानीय लोगों ने पत्थरबाजी कर दी जिसके बाद पुलिस की तरफ से फायरिंग की गई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र इलाके के चोरनिया गांव की है जहां एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस पर स्थानीय लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। घटना में कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए जबकि पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है वहीं भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। मिली जानकारी के अनुसार गायघाट थाना की पुलिस पोक्सो एक्ट के एक आरोपी अजय राय को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इस दौरान आरोपी अपने पड़ोसी के घर में जा कर छुप गया जिसके बाद पुलिस ने पड़ोसी के घर में दबिश दी। इसी बीच स्थानीय लोग इकठ्ठा हो कर पुलिस पर हमला करने लगे और पत्थरबाजी कर दी। लोगों के पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गये, उसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस की तरफ से फायरिंग की गई। सूचना मिल रही है कि ग्रामीणों ने भी पुलिस पर फायरिंग की और इसी दौरान स्थानीय किसान जगतवीर राय को गोली लग गई जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस की गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं लोगों के हमले में गायघाट थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बीते दिनों एक नाबालिग के साथ हुए अपराध के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी, इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। इसके बाद पुलिस को आत्मरक्षार्थ गोली चलानी पड़ी, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस पर फायरिंग की है। फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई जिससे उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है जबकि तीन पुलिसकर्मी जख्मी हैं। फ़िलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात की गई है।

Comments are closed.

Recent Post