AMIT LEKH

Post: मांझी में वाहन जांच के दौरान तीन अपराधी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार

मांझी में वाहन जांच के दौरान तीन अपराधी अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार

छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन : 

गिरफ्तार अपराधियों ने महिला हत्या कांड में संलिप्तता किया स्वीकार

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़ 

नितेश कुमार सिंह

– अमिट लेख
मांझी, (सारण)। मांझी थाना पुलिस ने वाहन जांच के दौरान तीन अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में हाल ही में हुई एक महिला की हत्या में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ (दो) राज कुमार ने मांझी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के अलियासपुर–पटखौली पुल के पास वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखे। पुलिस द्वारा टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, तो तीनों बाइक घुमाकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने खदेड़कर तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बाइक के कागजात के बारे में पूछने पर वे स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके और बाइक को अपने दोस्त की बताकर बचने का प्रयास करने लगे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी नागेंद्र साह के पुत्र विवेक कुमार उर्फ चोरवा, मनोज प्रसाद के पुत्र बंटी कुमार तथा मुमताज शाह के पुत्र सरफराज अली के रूप में की गई है। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बीते 9 मार्च की रात नंदपुर गांव निवासी मो. नसरुद्दीन की पत्नी कमरुल बेगम की हत्या करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि चारों लोग घर के पीछे से घुसकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान महिला की नींद खुल गई और उसने उन्हें पहचान लिया। पहचान उजागर होने के डर से चारों ने मिलकर चाकू से गोदकर महिला की हत्या कर दी और घर से चांदी के जेवर तथा नगद रुपये लेकर फरार हो गए। घटना के बाद आरोपियों ने हत्या में प्रयुक्त चाकू को नदी में फेंक दिया और अलग-अलग जगहों पर चोरी की योजना बनाने लगे। इस मामले में मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार के लिखित बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई और अनुसंधान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Recent Post