बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :
अधिक कीमत वसूली या गैस की किल्लत की शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
बेतिया, (मोहन सिंह)। जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और सख्त रूख अपना रहा है। लगातार हो रही छापेमारी से गैस गोदामों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि निर्धारित मापदंडों के अनुरूप उपभोक्ताओं तक एलपीजी सिलेंडर पहुंचाना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिलास्तर, अनुमंडल स्तर एवं प्रखंड स्तर पर लगातार गैस गोदामों पर औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी के दौरान गोदामों में उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया जा रहा है और वितरण व्यवस्था की सघन निगरानी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी न हो। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 64 औचक निरीक्षण किए जा चुके हैं। इन निरीक्षणों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपूर्ति की स्थिति पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 19 मार्च को जिले में 10,883 एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग हुई, जबकि 12,705 सिलेंडरों का सफलतापूर्वक वितरण कराया गया। यह दर्शाता है कि प्रशासन आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अनियमितता, अधिक कीमत वसूली या गैस की किल्लत की शिकायत तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नोट : लेकिन फिर भी नहीं पढ़ रहा है कोई फर्क








