AMIT LEKH

Post: जदयू विधायक पुत्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

जदयू विधायक पुत्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

पटना से विशेष संवाददाता का संकलन :

तेज रफ़्तार में थार गाड़ी पेड़ से जा टकराई और हो गई मौत

सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता और स्थानीय लोग राजबल्लभ यादव के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार के नवादा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव और नवादा की विधायक विभा देवी के छोटे पुत्र अखिलेश कुमार यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस अचानक हुए हादसे ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को अखिलेश कुमार यादव अपने पैतृक गांव पथरा इंग्लिश स्थित घर के पास थार गाड़ी चला रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में पास ही एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस खबर के सामने आते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अखिलेश कुमार यादव का पार्थिव शरीर पटना से नवादा स्थित उनके गांव लाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। घर के सबसे छोटे बेटे की असामयिक मौत से विधायक विभा देवी और पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव गहरे सदमे में हैं। इस घटना के बाद पूरे नवादा जिले में शोक का माहौल है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई नेता और स्थानीय लोग राजबल्लभ यादव के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। गौरतलब है कि राजबल्लभ यादव बिहार की राजनीति में एक चर्चित नाम रहे हैं और राजद सरकार में मंत्री पद पर रह चुके हैं। ऐसे में इस पारिवारिक त्रासदी ने राजनीतिक गलियारों को भी गमगीन कर दिया है। फिलहाल, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और हर किसी की जुबान पर बस एक ही सवाल है—आखिर इतनी बड़ी दुर्घटना कैसे हो गई।

Comments are closed.

Recent Post