पटना से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट :
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 26 मार्च से एक और विक्षोभ के सक्रिय होने की आशंका है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार में शुक्रवार से मौसम का मिजाज खराब चल रहा है। इसे लेकर मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी किया था और शुक्रवार की शाम राज्य के विभिन्न जिलों में तेज आंधी बारिश ने जम कर कहर बरपाया। पूरे बिहार में बारिश, ओलावृष्टि और आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। हालांकि शनिवार को हवा की रफ्तार कुछ कम जरुर हुई लेकिन अभी मौसम का मिज़ाज ठीक नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने एक बार फिर अलर्ट जारी किया है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 26 मार्च से एक और विक्षोभ के सक्रिय होने की आशंका है, जिसका असर बिहार में भी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 26 और 27 मार्च को राज्य के कुछ हिस्सों में एक बार फिर बारिश होने की आशंका जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार भी पचास किलोमीटर प्रतिघंटा तक रह सकती है। हालांकि इससे पहले 3 दिनों तक मौसम साफ जरुर रहेगा और गर्मी का असर भी तेज होगा। बता दें कि पिछले 24 घंटे में राज्य के विभिन्न जिलों में आंधी और बारिश हुई है जिससे तापमान में भी काफी गिरावट आई है। इस दौरान बारिश के साथ ही तेज आंधी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई जिसकी वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गई। खास कर बारिश की वजह से किसानों को काफी हानि हुई क्योंकि उनका काफी फसल बर्बाद हो गई।








