पटना से विशेष संवाददाता की रिपोर्ट :
लैंड क्रूजर से ‘रॉयल’ अंदाज में निकले बाहर, समर्थकों का उमड़ा सैलाब
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
पटना, (दिवाकर पाण्डेय)। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह पटना की बेऊर जेल से रिहा हो गए हैं। उनकी रिहाई पर समर्थकों ने जश्न मनाया और अब वे एक भव्य रोड शो की तैयारी में हैं। लगभग चार महीने बाद वह जेल से बाहर आए हैं। ऐसे में उनके समर्थकों में गजब उत्साह नजर आया। पटना के बेऊर जेल से जैसे ही बाहुबली विधायक अनंत सिंह बाहर निकले, वहां पहले से मौजूद सैकड़ों समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। जेल के बाहर सुबह से ही गहमागहमी का माहौल बना हुआ था। समर्थकों ने अपने नेता का स्वागत फूलों की मालाओं और गुलाल से किया। अनंत सिंह के चेहरे पर वही चिर-परिचित अंदाज दिखा, जिसने उनके प्रशंसकों के बीच उत्साह को दोगुना कर दिया। जेल से रिहाई के बाद अनंत सिंह की ‘रॉयल’ विदाई चर्चा का विषय बनी हुई है। वे अपनी सफेद रंग की करोड़ों की कीमत वाली टोयोटा लैंड क्रूजर (Toyota Land Cruiser) कार से रवाना हुए। इस लग्जरी काफिले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। रिहाई के बाद वे सीधे अपने पटना स्थित आवास पहुंचे, जहां समर्थकों का तांता लगा रहा।








