छपरा से हमारे उप-संपादक का संकलन :
यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि सारण जिले के लिए भी गौरव की बात है
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– अमिट लेख
छपरा/सारण, (के. के. सिंह सेंगर)। “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” थीम के तहत आयोजित बिहार दिवस-2026 समारोह में शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए सारण जिले की शिक्षिका डॉ. शिल्पा यादव को सम्मानित किया गया।

पटना के गांधी मैदान में बिहार शिक्षा परियोजना, पटना के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के पवेलियन में उनके सराहनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंद्र द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र एवं मेमोरेंडम देकर सम्मानित किया गया। डॉ. शिल्पा यादव, जो उच्च माध्यमिक विद्यालय दिलिया रहीमपुर, रिवीलगंज (सारण) में संस्कृत शिक्षिका हैं, ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ शिक्षण कार्य में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पूर्व में भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। इस वर्ष बिहार दिवस के अवसर पर बिहार शिक्षा परियोजना के निदेशक नवीन कुमार (आईएएस) द्वारा प्रदेश भर से लगभग 200 शिक्षकों/शिक्षिकाओं का चयन किया गया था, जिनमें डॉ. शिल्पा यादव भी शामिल रहीं। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि सारण जिले के लिए भी गौरव की बात है।








