AMIT LEKH

Post: बेतिया : जन सुविधाओं और प्रमुख धरोहरों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण में देरी चिंताजनक : गरिमा

बेतिया : जन सुविधाओं और प्रमुख धरोहरों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण में देरी चिंताजनक : गरिमा

बेतिया से उप-संपादक का चश्मा :

काली बाग,बस स्टैंड, टाउन हॉल, शहीद पार्क, झिलिया पार्क व कम्युनिटी हॉल निर्माण,जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण में हो रही देरी 

नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सशक्त स्थायी समिति और नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित योजनाओं में देरी पर महापौर सहित सदस्यों ने जताया क्षोभ

बेतिया राज द्वारा राज देवड़ी मोटरसाइकिल, टेंपो व ई-रिक्शा पार्किंग शुल्क वसूली के लिए डाक और बंदोबस्ती पर भी बैठक में उठाए गए सवाल

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़ 

– अमिट लेख

बेतिया, (मोहन सिंह)। महापौर गरिमा देवी सिकारिया की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में सोमवार को नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम क्षेत्र के विकास एवं पारित योजनाओं से संबंधित पारित प्रस्तावों की समीक्षा की गई।

फोटो : मोहन सिंह

बैठक में काली बाग, बस स्टैंड, टाउन हॉल, शहीद पार्क, झिलिया पार्क व कम्युनिटी हॉल आदि के जीर्णोद्धार, निर्माण और सौंदर्यीकरण से संबंधित योजनाओं का अब तक टेंडर नहीं होने पर महापौर एवं समिति के अन्य सदस्यगण के द्वारा गहरा क्षोभ व्यक्त किया गया।

महापौर श्रीमती सिकारिया ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं में कार्यालय स्तर शिथिलता खेदजनक है।इसके साथ सशक्त स्थायी समिति और नगर निगम बोर्ड द्वारा पारित विभिन्न प्रस्तावों को पूरा करने के लिए निविदा जारी करने के साथ ही अन्य आवश्यक कार्रवाई का निर्देश देते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ दर्जनाधिक प्रस्तावों के अनुपालन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त से शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया गया। उपरोक्त बिंदुओं के अलावा अन्य प्रस्तावों की समीक्षा के बाद संपुष्टि की गई। इसके अलावा, बेतिया राज कार्यालय द्वारा राज देवड़ी में मोटरसाइकिल, टेंपो व ई-रिक्शा पार्किंग के लिए किए गए डाक और बंदोबस्ती पर भी सवाल उठाए गए। समिति के आधे से अधिक सदस्यगण द्वारा स्पष्ट किया गया कि नगर निगम प्रशासन से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किए बिना पार्किंग या अन्य सैरातों के संचालन को अवैध करार देते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही, नगर निगम के सैरातों में निर्धारित दर से अधिक वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी रसीदों एवं वसूली करने वालों की पहचान (आईडी) का सत्यापन कराने का निर्णय लिया गया। वही नगर निगम के सैरात स्थलों पर संवेदकों द्वारा रेट चार्ट नहीं लगाए जाने पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। निर्देश दिया गया कि संवेदको और निगम द्वारा सभी स्थलों पर अनिवार्य रूप से रेट चार्ट प्रदर्शित किए जाएं, साथ ही निगम द्वारा 50 प्रमुख स्थानों पर रेट चार्ट की पेंटिंग कराई जाए। इसके साथ ही सोवा बाबू चौक, छावनी एवं बस स्टैंड इत्यादि पर ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन निर्माण में हो रही देरी पर भी चिंता जताई गई। इस संबंध में जल्द ही महापौर की अध्यक्षता में संवेदकों, अधिकारियों व ड्राइवरों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।स्वच्छता अभियान के तहत प्रत्येक मंगलवार को सभी 46 वार्डों के नालों में एक साथ लार्वा नाशक दवा का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं नाला मैन्युअल सफाई के टेंडर पर भी समिति ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। नगर निगम में स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट की भी जल्द अधिष्ठापन और रिपेयरिंग का निर्णय बहुमत से लिया गया है। साथ ही अगले बोर्ड के बैठक से पूर्व सभी जनवरी 2024 से बची हुई योजनाओं को विभागीय विधि से बदलकर टेंडर विधि से क्रियान्वयन कराने के लिए प्रशासनिक स्वीकृति कराने हेतु प्रस्तुत करने का निर्णय बहुमत से लिया गया।

Leave a Reply

Recent Post