महराजगंज जनपद से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट :
मिली जानकारी के अनुसार, सूरज शर्मा (15 वर्ष) का अपने छोटे भाई लक्ष्मण से किसी बात को लेकर विवाद हो गया
न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़
– तैयब अली चिश्ती
महराजगंज, (घुघली)। जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा चौमुखा नौका टोला में सोमवार सुबह एक मामूली घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया।

बड़े भाई ने गुस्से में अपने छोटे भाई पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, सूरज शर्मा (15 वर्ष) का अपने छोटे भाई लक्ष्मण से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सूरज ने कैंची से लक्ष्मण के सिर और हाथ पर कई वार कर दिए।

हमले में लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल लक्ष्मण को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर कुमार गौतम और घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह भी पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।








