AMIT LEKH

Post: ठूठीबारी में आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, 149 बोतल विदेशी शराब बरामद

ठूठीबारी में आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई, 149 बोतल विदेशी शराब बरामद

महराजगंज से हमारे जिला ब्यूरो की रिपोर्ट : 

दिल्ली नंबर की कार से बिहार ले जाई जा रही थी हरियाणा की शराब, तीन तस्कर गिरफ्तार

न्यूज़ डेस्क, ए.एल.न्यूज़

– अमिट लेख
महराजगंज, (तैयब अली चिश्ती)। आबकारी विभाग की टीम ने ठूठीबारी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का खुलासा किया है। सोमवार (04 मई 2026) को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 वैभव कुमार यादव अपनी टीम के साथ गश्त पर थे।

फोटो : चिश्ती

इसी दौरान सूचना मिली कि दिल्ली नंबर की मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा कार में हरियाणा की भारी मात्रा में शराब लाकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एसएसबी बरगदवा के निरीक्षक सामान्य सुभाष चंद्र व उनकी टीम के साथ संयुक्त रूप से ठूठीबारी मार्केट से लगभग एक किलोमीटर पश्चिम राजबारी क्षेत्र में घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों की पहचान धीरेंद्र सिंह, सुधीर कुमार और उमेश कुमार सिंह निवासी ग्राम जलसी, पोस्ट हरनहिया, थाना सैहियारा, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार (DL8CY8503) में सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैम्बर से विभिन्न ब्रांड की कुल 149 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि शराब हरियाणा के बल्लभगढ़ जिले से खरीदकर बिहार ले जाई जा रही थी। ये लोग गोरखपुर-नौतनवा मार्ग से होते हुए ठूठीबारी बॉर्डर पार कर सीतामढ़ी पहुंचने की फिराक में थे।
मौके पर ही शराब को सील कर कब्जे में लिया गया तथा वाहन को आबकारी अधिनियम की धारा 72 के तहत जब्त किया गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 60/63 के तहत मुकदमा संख्या 23/26 दर्ज कर एसीजेएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 16 मई तक रिमांड पर भेज दिया गया। वर्तमान में तीनों आरोपी जिला जेल में निरुद्ध हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार, आरोपियों के नेटवर्क और संपर्कों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Recent Post